स्वरोजगार योजनाओं की शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति कराएं – कमिश्नर

स्वरोजगार योजनाओं की शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति कराएं – कमिश्नर
रीवा 18 फरवरी 2026. कमिश्नर बीएस जामोद ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स को स्वरोजगार योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि शासन के विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को आर्थिक विकास के अवसर दिए जा रहे हैं। इन योजनाओं में बैंकों के माध्यम से ऋण राशि का वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर स्वरोजगार योजनाओं के क्रियान्वयन की तत्काल समीक्षा करें। सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति कराएं। समीक्षा के दौरान कई विभागों में योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रकरण बैंकों में दर्ज नहीं किए गए हैं। सभी अधिकारियों को लक्ष्य से 25 प्रतिशत अधिक प्रकरण बैंकों में दर्ज करने के निर्देश पूर्व में ही दिए गए हैं। स्वरोजगार योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य से कम प्रकरण बैंकों में दर्ज करने वाले अधिकारियों के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाएं। वर्तमान वित्तीय वर्ष समापन की ओर है। फिर भी योजनाओं में लक्ष्य पूर्ति न होना गंभीर लापरवाही दर्शाता है। इससे शासन की महत्वकांक्षी स्वरोजगार योजनाओं के उद्देश्य भी प्रभावित हो रहे हैं।