दिवंगत पत्रकार के परिजनों को आठ लाख की सहायता मंजूर
दिवंगत पत्रकार के परिजनों को आठ लाख की सहायता मंजूर
पत्रकार स्वर्गीय रामबिहारी मिश्र के परिजनों को मिली आर्थिक सहायता
रीवा 12 जनवरी 2026. रीवा के वरिष्ठतम पत्रकारों में से एक श्री रामबिहारी मिश्र का 81 वर्ष की आयु में 6 अक्टूबर 2025 को उनके गृहग्राम बंधवा में निधन हो गया। स्वर्गीय श्री मिश्र जनसम्पर्क विभाग से अधिमान्य पत्रकार थे। श्री मिश्र को 10 वर्ष की अधिमान्यता तथा 60 वर्ष की आयु पूरा होने पर सम्मान निधि के रूप में जनसम्पर्क विभाग से हर 20 हजार रुपए की राशि दी जा रही थी। शासन के प्रावधानों के अनुरूप श्री मिश्र के परिजनों को 30 दिसम्बर को आठ लाख रुपए की आर्थिक सहायता मंजूर की गई है। यह राशि स्वर्गीय श्री मिश्र की धर्मपत्नी श्रीमती रामरती मिश्रा के बैंक खाते में जारी की गई है। सम्मान निधि प्राप्त पत्रकार की मृत्यु होने पर उनके निकटतम वारिस को आठ लाख रुपए की सहायता देने का प्रावधान शासन द्वारा किया गया है।
स्वर्गीय रामबिहारी मिश्र रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य के वरिष्ठतम पत्रकार थे। श्री मिश्र ने दो दशक से अधिक समय तक दैनिक जागरण समाचार पत्र में विभिन्न पदों में अपनी सेवाएं दी। श्री मिश्र बहुत ही सरल, सहज और विनम्र थे। दैनिक समाचार पत्र से सेवानिवृत्त होने के बाद श्री मिश्र ने स्वतंत्र पत्रकार के रूप में लगातार सक्रिय रहते हुए पत्रकारिता में अमूल्य योगदान दिया। लगभग दो माह की बीमारी के बाद 6 अक्टूबर को श्री मिश्र का निधन हो गया। स्वतंत्र रूप से अधिमान्य पत्रकार तथा सम्मान निधि प्राप्त होने के नाते श्री मिश्र के परिजनों को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।