खेल एक सूत्र में बांधते हैं – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल

खेल एक सूत्र में बांधते हैं – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
स्वर्गीय श्री भैयालाल शुक्ल स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ समापन

रीवा 11 जनवरी 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेल एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। खेल के मैदान में सभी खिलाड़ी एक जुट होकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर टीम को हर संभव जीत दिलाने का प्रयास करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने अपने गृह ग्राम ढ़ेरा में स्वर्गीय श्री भैयालाल शुक्ल की स्मृति में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता एवं उप विजेता टीम को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की।
ढ़ेरा में आयोजित 11वें क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में ढ़ेरा का नाम लंबे समय से लिया जाता रहा है। आयोजकों ने सुव्यवस्थित ढंग से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया। फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा। खेल कभी एक टीम के पक्ष में तो कभी दूसरी टीम के पक्ष में जाता दिखा। उन्होंने कहा कि जीत और हार सिक्के दो पहलू हैं। जीतने पर अहंकार नहीं होना चाहिए और हारने पर निराश भी नहीं होना चाहिए। श्री शुक्ल ने कहा कि हमारे पूज्य पिता जी कहते थे कि हर परिस्थिति में समभाव रखना चाहिए। उनसे मैंने बहुत कुछ सीखा है। श्री शुक्ल ने कहा कि ढ़ेरा के युवा पूज्य पिता जी की स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं जिससे खेल का विकास होता और नई-नई प्रतिभाएं आगे आती हैं। उन्होंने कहा कि रीवा और मऊगंज के क्रिकेट के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अन्र्तराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष मऊगंज डॉ. राजेन्द्र मिश्रा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। आयोजकों ने क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर इस क्षेत्र के युवाओं में छुपी प्रतिभा को आगे आने का अवसर दिया है। श्री मिश्र ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी विन्ध्य के गौरव हैं। मऊगंज जिला गौरवांवित है और ढेरा की भूमि बंदनीय है। उप मुख्यमंत्री ने विजेता टीम खटखरी को 50 हजार रूपये नगद एवं ट्राफी प्रदान की। जबकि उप विजेता टीम को 30 हजार रूपये नगद व ट्राफी दी गयी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य पदमेश गौतम, मोहनलाल शुक्ला, राजेश पाण्डेय, मनोज शुक्ला, ममल शुक्ला, विपिन मिश्रा, एसडीएम राजेश मेहता सहित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमीजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *