कलेक्टर ने जैविक हाट बाजार का किया उद्घाटन

कलेक्टर ने जैविक हाट बाजार का किया उद्घाटन
प्राकृतिक और जैविक फसलों के प्रमाणीकरण तथा भण्डारण की व्यवस्था करें – कलेक्टर

रीवा 04 दिसम्बर 2025. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने करहिया मण्डी में जैविक हाट बाजार का उद्घाटन किया। प्राकृतिक खेती तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत जैविक हाट बाजार शुरू किया गया है। इसमें शुरूआती दौर में बिना खाद उगाए गए फल, सब्जी, अनाज और मशरूम की बिक्री की जा रही है। हाट बाजार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कृषि विभाग तथा कृषि उपज मण्डी करहिया द्वारा की गई है। इसका संचालन विन्ध्या फार्मर प्रोड्यूशन कंपनी तथा किसान रामबली कुशवाहा द्वारा किया जा रहा है।

जैविक हाट बाजार का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर ने कहा कि हर व्यक्ति बिना रासायनिक खाद के पैदा किए गए खाद्यान्न, फल और सब्जी का उपयोग करना चाहता है। जिले में कई किसान जैविक और प्राकृतिक खेती के माध्यम से सब्जियों, फलों तथा कोदो-कुटकी जैसे अनाजों की खेती कर रहे हैं। हाट बाजार के माध्यम से इन किसानों को अपने जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए उचित स्थान मिलेगा। उप संचालक कृषि जैविक खेती की खेती करने वाले किसानों के पंजीयन तथा जैविक फसलों के प्रमाणीकरण के लिए तत्काल प्रयास करें। करहिया मण्डी में जैविक उत्पादों के विपणन और भण्डारण की समुचित व्यवस्था करें। हाट बाजार का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं जिससे किसान जैविक और प्राकृतिक उत्पाद बेचने के लिए तथा आमजनता इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आ सके। बसामन मामा गौ अभ्यारण्य के आसपास 50 से अधिक किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। इन्हें भी जैविक हाट बाजार से जोड़ें।

जैविक हाट बाजार में उद्घाटन के समय प्राकृतिक खेती से पैदा किए गए चुकंदर, पालक, गोभी, मशरूम तथा सूरन बिक्री के लिए रखे गए। अनाजों में कोदो और कुटकी विपणन के लिए उपलब्ध हैं। उद्घाटन के बाद कलेक्टर ने किसानों तथा व्यापारियों से जैविक हाट बाजार के संबंध में चर्चा की। व्यापारी रामबली कुशवाहा ने कहा कि बड़ी संख्या में किसान जैविक सब्जी का उत्पादन कर रहे हैं। उनसे सब्जी खरीदकर करहिया मण्डी में हाट बाजार में बिक्री की जाएगी। सिंघाड़ा, खनीमा और मशरूम भी किसान बिक्री के लिए ला रहे हैं। मौके पर उपस्थित उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने जैविक हाट बाजार के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक ज्ञानेन्द्र पाण्डेय, जिला प्रबंधक विपणन संघ शिखा सिंह वर्मा, उप संचालक मण्डी, कृषि तथा उद्यानिकी विभाग के अधिकारी, किसान तथा व्यापारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *