कलेक्टर ने सेमरिया में एसआईआर कार्य की समीक्षा की

कलेक्टर ने सेमरिया में एसआईआर कार्य की समीक्षा की
28 नवम्बर तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करें – कलेक्टर

रीवा 24 नवम्बर 2025. निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने सेमरिया नगर परिषद में बैठक लेकर एसआईआर कार्य की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि 28 नवम्बर तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करें।
कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिये कि सेक्टर अधिकारी मतदान केन्द्रों का भ्रमण करें तथा लक्ष्य की पूर्ति रणनीति के अनुसार कार्य करायें। उन्होंने गहन पुनरीक्षण कार्य में लगे बीएलओ से एप में गणना पत्रक के डिजिटाइजेशन कार्य की जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि गणना पत्रक तत्काल मतदाताओं से प्राप्त कर लें तदुपरांत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करें। उन्होंने तहसील में टीम लगाकर डिजिटाइजेशन कार्य कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये। मृत मतदाताओं की जानकारी एकत्र कर उन्हें अपडेट करने सहित अन्य प्रक्रिया के संबंध में कलेक्टर ने बीएलओ से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ से कहा कि मतदाता एप काफी आसान है फिर भी यदि इनमें दिक्कत आ रही है तो कम्प्यूटर चलाने वाले अन्य व्यक्ति की मदद लेकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में यह कार्य पूर्ण हो जाय। कलेक्टर ने कार्य में लापरवाह सकरवट बीएलओ बृजेन्द्रनाथ पाण्डेय को निलंबित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने मतदान केन्द्र बीड़ा का किया निरीक्षण :- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य का ग्राम पंचायत बीड़ा में निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में उपस्थित बीएलओ तथा पटवारी से गणना पत्रक प्राप्त होने, उनका डिजिटाइजेशन करने आदि के संबंध में पूंछतांछ की। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि शीघ्र कार्य पूर्ण करें। उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से भी अपेक्षा की कि गणना पत्रक भरकर जमा करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसे तत्काल जमा करने के लिये कहें। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम दृष्टि जायसवाल, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस आशीष दुबे सहित राजस्व अधिकारी तथा बीएलओ उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *