बेहतर भविष्य के लिये स्वास्थ्य की जांच आवश्यक – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल

बेहतर भविष्य के लिये स्वास्थ्य की जांच आवश्यक – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
सेवा पखवाड़ा, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत कन्या महाविद्यालय में आयोजित हुआ स्वास्थ्य शिविर

रीवा 29 सितम्बर 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि बेहतर भविष्य के लिये स्वास्थ्य की जांच आवश्यक है। सेवा पखवाड़ा अन्तर्गत स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान में लगाये जा रहे स्वास्थ्य शिविर में सभी किशोरी बालिकाएँ तथा महिलाएँ अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करायें और शिविर का लाभ लें। कन्या महाविद्यालय में स्वास्थ्य शिविर में किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई।

कन्या महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ रहने पर ही सुखी रहा जा सकता है। इस लिए आवश्यक है कि शरीर की जांच हो तथा यदि कोई बीमारी निकले तो उसका उपचार हो सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में किशोरी बालिकाओं के आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउण्ट) कार्ड बनाये जा रहे हैं जिसमें जांच का विवरण रहेगा और चिकित्सक संबंधित को उचित परामर्श दे सकेंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान नि:शुल्क जांच एवं जागरूकता का अभियान है जिसका लाभ हर किशोरी बालिका अवश्य ले और हमारा प्रदेश व जिला सबसे ज्यादा जांच एवं स्क्रीनिंग करने वाला बने। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर्स व स्टाफ को निर्देश दिये कि कन्या महाविद्यालय में आयोजित शिविर में एक-एक किशोरी बालिका के स्वास्थ्य की जांच करें यदि आवश्यक हो तो दूसरे दिन भी शिविर लगायें।

कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि किशोरी बालिकाएँ स्वस्थ रहने के लिये नियमित दिनचर्या अपनायें, भरपूर नीद लें तथा मानसिक स्वास्थ्य के लिये मोबाइल का उपयोग कम करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वावलंबन व महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सभी किशोरी बालिकाएँ जांच के उपरांत डॉक्टर्स का परामर्श भी लें। इससे पूर्व स्वागत उद्बोधन प्राचार्य डॉ. विभा श्रीवास्तव ने दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने अभियान के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि रीवा जिला प्रदेश में हीमोग्लोबिन जांच में तीसरे स्थान पर है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, सीएमएचओ डॉ. प्रतिभा मिश्रा, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. आरपी सिंह, डॉ. बीनू कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि विवेक दुबे, अनिल पटेल, केके गर्ग, डॉ. विशाल मिश्रा सहित चिकित्सक, महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा छात्राएँ उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *