उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नमो युवा रन की दिखाई हरी झण्डी

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नमो युवा रन की दिखाई हरी झण्डी
नशे से दूर रहते हुए स्वस्थ एवं तनाव मुक्त जीवन जीने का संकल्प ले – उप मुख्यमंत्री
सेवा पखवाड़ा में नमो युवा रन का हुआ आयोजन
रीवा 21 सितंबर 2025 . उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि युवाओं को स्वस्थ रहते हुए नशे से दूर रहकर तनाव मुक्त जीवन जीने का संकल्प लेना है। सुबह जल्दी उठें, शारीरिक व्यायाम करें तदुपरांत अपने दैनिक कार्यों को तनावमुक्त होकर करें। उप मुख्यमंत्री ने नमो युवा रन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रीवा मुख्यालय में आयोजित युवा रन में हजारों की संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। एनसीसी मैदान से आरंभ हुई युवा मैराथन शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुए एनसीसी मैदान में समाप्त हुई। उप मुख्यमंत्री भी नमो युवा रन में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न रचनात्मक कार्य होंगे ताकि हम सभी इसे अपनी दैनिक दिनचर्चा में शामिल कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि फिट इंडिया में सभी स्वस्थ व स्फूर्तवान रहें। नमोयुवा रन के माध्यम से शहर व जिलेवासियों में यह संदेश जायेगा कि वह स्वस्थ रहने के लिये व्यायाम व दौड़ में भाग लें। श्री शुक्ल ने दौड़ेगा रीवा दौड़ेगा भारत का नारा दिया। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव के लिये युवा आगे आयें। स्वयं भी नशा न करें व नशे करने वालों की सूचना दें ताकि उनका नशा छुड़ाया जा सके। श्री शुक्ल ने कहा कि जिले में नशा का कारोवार करने वाले जेल में हैं।
इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि युवा स्वस्थ, फिट व नशे से दूर रहें। प्रधानमंत्री जी की पहल है कि देश के युवा अनुशासित व नशे से दूर रहकर अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिये जागरूक करें। पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्त ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस से आरंभ सेवा पखवाड़ा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, नमो युवा रन आदि का आयोजन उसी कड़ी में किया गया। आने वाले दिन में प्रबुद्धजनों से संवाद किया जायेगा।
नमो युवा रन में प्रधानमंत्री जी का संदेश सुना गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के उद्देश्य से कराटे का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, रावेन्द्र मिश्रा, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, ज्ञानेन्द्र शुक्ला, शिवेन्द्र पाण्डेय, संभागीय खेल अधिकारी एम.के. धोलपुरी सहित बड़ी संख्या में शहरवासी व छात्र-छात्राएँ एवं युवा उपस्थित रहे।