स्वच्छता एवं सेवा पखवाड़ा पूरे उत्साह से मनाएं – मुख्यमंत्री
त्यौहार और स्वच्छता सेवा पखवाड़ा साथ-साथ मनाएं – मुख्यमंत्री

रीवा 08 सितम्बर 2025. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता और सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से इसका शुभारंभ होगा तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस पर पखवाड़े का समापन होगा। अभियान का शुभारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री जी 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। पखवाड़े के दौरान 17 से 24 सितम्बर तक रक्तदान शिविर लगाएं। इसी अवधि में नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। पखवाड़े में नगरीय विकास विभाग स्वच्छता के विशेष प्रयास करके नगरीय निकायों में सार्वजनिक स्थलों तथा पूरे नगर की साफ-सफाई के लिए अभियान चलाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के प्रत्येक आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को शामिल करें। पखवाड़े के दौरान महिला सशक्तिकरण तथा दिव्यांगों के कल्याण के लिए विशेष प्रयास करें। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नए स्थलों पर पौधे रोपित करके नमो वन और नमो उपवन तैयार कराएं। पखवाड़े में ही 27 सितम्बर को संभागीय मुख्यालयों में नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग इसके लिए समुचित तैयारी करे। पखवाड़े की अवधि में खादी, हस्तशिल्प, स्वसहायता समूहों के उत्पादों तथा स्वरोजगार के बढ़ावा देने के लिए विभिन्न आयोजन करें। उच्च शिक्षा विभाग चित्रकला तथा अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित करके विकसित भारत का संदेश लोगों तक पहुंचाएं। स्वच्छता और सेवा पखवाड़े की प्रत्येक गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। त्यौहारों के साथ-साथ हम स्वच्छता और सेवा पखवाड़ा मनाएंगे। मुख्यमंत्री ने 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक मनाए जा रहे आदि सेवा पर्व के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें शामिल 7 विभाग निर्धारित गतिविधियों को पखवाड़े की अवधि में अंजाम दें।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक त्यौहारों के दौरान कानून और व्यवस्था चाक-चौबंद रखें। बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदा से पीड़ितों को राहत राशि का वितरण कराएं। खाद के वितरण की समुचित व्यवस्था करें। कुछ क्षेत्रों में फसलों में पीला मोजेक के प्रकोप की सूचनाएं मिल रही हैं। प्रमुख सचिव कृषि इसके उत्थान के लिए समुचित प्रबंध करें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कमिश्नर कार्यालय से कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, अपर कमिश्नर नीतू माथुर तथा कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी केन्द्र से प्रभारी कलेक्टर डॉ सौरभ सोनवणे, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *