वृक्षारोपण के महाभियान में हर अधिकारी अनिवार्य रूप से भागीदारी निभाए – कमिश्नर

वृक्षारोपण के महाभियान में हर अधिकारी अनिवार्य रूप से भागीदारी निभाए – कमिश्नर
ई ऑफिस में ऑनबोर्ड न होने वाले कार्यालय प्रमुखों की रुकेगी वेतनवृद्धि – कमिश्नर
रीवा 08 जुलाई 2025. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। संभाग के सभी जिलों में एक पेड़ माँ के नाम अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक विकासखण्ड में एक लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी अधिकारी वृक्षारोपण के महाभियान में अनिवार्य रूप से भागीदारी निभाएं। सभी शिक्षण संस्थाओं के परिसर, छात्रावास परिसर, आंगनवाड़ी केन्द्र भवन परिसर तथा कार्यालय परिसरों में उपयुक्त स्थल पर पौधे रोपित करें। जिले के सभी प्रमुख सड़कों के किनारे भी अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण कराएं। सभी नगर निगम तथा नगरीय निकाय पार्कों एवं अन्य उपयुक्त शासकीय भूमियों पर पौधे रोपित करें। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पौधे रोपित करना हम सबकी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि अब पूरा शासकीय कामकाज ई ऑफिस के माध्यम से हो रहा है। सभी अधिकारी फाइलें और जानकारियाँ ई ऑफिस के माध्यम से ही भेजें। अन्य माध्यम से फाइलें स्वीकार नहीं होंगी। ई ऑफिस में सात दिन की समय सीमा में शेष बचे कार्यालय यदि ऑनबोर्ड नहीं होते हैं तो संबंधित कार्यालय प्रमुख की एक वार्षिक वेतनवृद्धि अवरूद्ध करने की कार्यवाही की जाएगी। ई ऑफिस में फाइल दर्ज करने के साथ ही इनका मूवमेंट भी सुनिश्चित करें। संभागीय अधिकारी अपने जिला और अन्य अधीनस्थ कार्यालयों में भी ई ऑफिस की व्यवस्था सात दिवस में अनिवार्य रूप से लागू कर दें। कमिश्नर ने कहा कि संभाग में मछली पालन विभाग द्वारा 68 स्मार्ट फिश पार्लर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। आयुक्त नगर निगम तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी अपने निकाय में कम से कम एक स्मार्ट फिश पार्लर स्थापित कराएं। संयुक्त संचालक कृषि, सहायक संचालक उद्यानिकी तथा संयुक्त संचालक पशुपालन मछली पालन योग्य तालाबों के किसानों की सूची सात दिवस में उप संचालक मछली पालन को उपलब्ध कराएं, जिससे इनमें इस सीजन में मछली पालन किया जा सके।
कमिश्नर ने कहा कि इस वर्ष लगातार अच्छी वर्षा हो रही है। संभाग के जिन क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका है वहाँ राहत और बचाव के पूरे प्रबंध कर लें। बाढ़ प्रबंधन के लिए उत्तरप्रदेश के अधिकारियों से सतत संपर्क में रहें। रपटों अथवा छोटे पुल जलमग्न होने पर बैरियर लगाकर तत्काल आवागमन बंद करें। कमिश्नर ने कहा कि कार्यक्षेत्र में महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न को रोकने के लिए माननीय न्यायालय के 2013 निर्देशों के अनुसार गठित आंतरिक समिति की नियमित रूप से बैठक आयोजित करें। समिति का हर तीन साल में पुनर्गठन करें। जिन कार्यालयों में समिति गठित नहीं है वे सात दिवस में समिति गठित कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। आंतरिक समिति का गठन न करने पर कार्यालय प्रमुख पर 50 हजार रुपए तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। प्रत्येक जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि सेमरिया से बिरसिंहपुर मार्ग पर सुधार का कार्य तत्काल करें। आईएफएमआईएस पोर्टल में नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ नॉन रेग्युलर कर्मचारियों का समग्र डाटा अपलोड कराएं। कर्मचारियों के बैंक खाते में आधार सीडिंग अनिवार्य रूप से कराएं। बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त श्रेयस गोखले, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, डीन मेडिकल कालेज डॉ सुनील अग्रवाल, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ आरपी सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता ऊर्जा प्रमा पाण्डेय, सहायक संचालक कृषि प्रीति द्विवेदी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।