घरों में नल कनेक्शन का लक्ष्य 15 अगस्त तक पूरा करें – प्रमुख सचिव

घरों में नल कनेक्शन का लक्ष्य 15 अगस्त तक पूरा करें – प्रमुख सचिव
कलेक्टर घरों में नल कनेक्शन की हर सप्ताह समीक्षा करें – प्रमुख सचिव

रीवा 12 जून 2025. लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव श्री पी नरहरि ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा तथा शहडोल संभाग में एकल नलजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। प्रमुख सचिव ने कहा कि सभी एकल नलजल योजनाएं एक माह में पूरी कराकर उन्हें ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर कराएं। नलजल योजनाओं से घरों में नल कनेक्शन का शत-प्रतिशत लक्ष्य 15 अगस्त तक पूरा करें। इसके लिए कार्यपालन यंत्री मंथवार लक्ष्यपूर्ति की कार्ययोजना बनाकर उसके अनुरूप समस्त कार्यवाहियाँ करें। सभी कलेक्टर नलजल योजनाओं की प्रगति तथा नल कनेक्शन की हर सप्ताह समीक्षा करें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नलजल योजनाओं का कार्य पूरा कराने और घरों में नल कनेक्शन के लिए ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा अन्य विभागों के उपयंत्री तैनात करें। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तय समय सीमा में पूरा कराएं।
बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि शहडोल और रीवा जिलों में घरों में नल कनेक्शन की सर्वाधिक संख्या शेष है। संबंधित कार्यपालन यंत्री इसके लिए विशष प्रयास करें। निर्माण एजेंसियों के आवश्यक होने पर तत्काल टेण्डर जारी करें। निर्माण एजेंसियों के पास सामग्री की उपलब्धता तथा संसाधनों का भी आकलन कर लें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में घरों में कार्यशील नल कनेक्शन तय समय सीमा में पूरे कर दिए जाएंगे। कार्य की प्रगति की मैं स्वयं हर सप्ताह समीक्षा करूंगा। लापरवाही बरतने वाले संविदाकारों और अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अधीक्षण यंत्री महेन्द्र सिंह, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री रीवा और मऊगंज संजय पाण्डेय, कार्यपालन यंत्री डीएल कनेल तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *