सिंदूर के पौधे रोपित कर आयोजित किया गया हरित योग

सिंदूर के पौधे रोपित कर आयोजित किया गया हरित योग
रीवा 09 जून 2025. रीवा संभाग के सभी जिलों में 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा। योग दिवस के कार्यक्रमों में आमजनता की बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आयुर्वेद विभाग अन्य विभागों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस क्रम में अटल पार्क सिविल लाइन रीवा में हरित योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने सिंदूर का पौधा रोपित करके हरित योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर औषधीय पौधों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया तथा कार्यक्रम में सहभागी 300 से अधिक आमजनों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
इस संबंध में संभागीय आयुष अधिकारी डॉ शारदा मिश्रा ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा हरित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व योग दिवस पूर्व तैयारी और पर्यावरण जागरूकता के लिए आयुष विभाग रीवा एवं ग्राहक पंचायत तथा डिब्राायु फार्मास्युटिकल के संयुक्त तत्वावधान में हरित योग का आयोजन किया गया। विश्व योग दिवस में अपनी सहभागिता निभाने के लिए हर व्यक्ति अथवा कोई भी संगठन योगा डॉट आयुष डॉट जीओभी डॉट इन/योगा-संगम पर पंजीयन कर सकता है। पर्यावरण और योग एक दूसरे के पूरक हैं। योग व्यक्ति को सम्पूर्ण स्वस्थ्य बनाता है और स्वच्छ पर्यावरण स्वास्थ्य की रक्षा करता है। इसी उद्देश्य के लिए यह हरित योग का कार्यक्रम अटल पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त नगर निगम प्रकाश द्विवेदी, निजी संस्था के संचालक डॉ मुनीन्द्र द्विवेदी तथा ग्राहक पंचायत कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।