विकास और पर्यावरण में समरसता ही सतत विकास का मार्ग- श्री राकेश सिंह

विकास और पर्यावरण में समरसता ही सतत विकास का मार्ग- श्री राकेश सिंह
लोकनिर्माण विभाग द्वारा ‘पर्यावरण से समन्वय’ विषय पर कार्यशाला का हुआ आयोजन
राज्यव्यापी सड़क निरीक्षण अभियान 8 से 10 जून तक

रीवा 06 जून 2025. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर विभाग के पर्यावरण हितैषी नवाचार एवं ग्रीन टेक्नोलॉजीस पर केंद्रित ‘पर्यावरण से समन्वय’ विषय पर गतदिवस कार्यशाला का आयोजन हुआ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग अब केवल भौतिक निर्माणों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जल संरक्षण, हरित तकनीकों के उपयोग और पारिस्थितिकी संतुलन को अपनी कार्यप्रणाली में प्राथमिकता से शामिल करेगा। उन्होंने विभाग की पर्यावरणीय सोच और भविष्य की कार्यनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण में समरसता ही सतत विकास का मार्ग है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि “लोक निर्माण से लोक कल्याण” केवल एक नारा नहीं बल्कि विभाग की बुनियादी कार्यनीति है, जिसमें अब पर्यावरणीय संतुलन भी स्वाभाविक रूप से शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास की गति के साथ-साथ प्रकृति का संरक्षण अब हर अभियंता की जिम्मेदारी है।

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि विभाग अब सड़क किनारे रिचार्ज बोर का निर्माण कर रहा है, जिससे वर्षा जल को भूगर्भ में पहुंचाकर ग्राउंड वाटर रिचार्ज किया जा सकेगा। मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग एक जुलाई को एक लाख पौधे लगाएगा। यह अभियान स्कूलों में चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ से भी समन्वित होगा। मंत्री श्री सिंह ने आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए 8 से 10 जून तक राज्यव्यापी सड़क निरीक्षण अभियान चलाने की घोषणा की। इसमें सभी अभियंता सड़कों की स्थिति, जलभराव, गढ्डों और रखरखाव की जरूरतों का आंकलन करेंगे। रिपोर्ट 11 जून मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री भरत यादव ने कहा कि निर्माण कार्यों को अब केवल भौतिक अधोसंरचना तक सीमित न रखते हुए पर्यावरण संरक्षण को उसका अनिवार्य अंग बनाया जाना चाहिए।

लोक निर्माण विभाग परिक्षेत्रीय मुख्यालय रीवा में विंध्या रिट्रीट रतहरा में लोक निर्माण विभाग अंतर्गत एम.पी.आर.डी.सी., एम.पी.बी.डी., एन.एच., लो.नि.वि. भवन, लो.नि.वि. सड़क/पुल के लगभग दो सौ अभियंता कार्यशाला में शामिल हुए एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रीवा परिक्षेत्र में 5000 पौधे लगाने एवं 50 लोक सरोवर निर्मित किए जाने का संकल्प लिया गया। परिक्षेत्रीय कार्यशाला में मुख्य अभियंता (भवन) श्री एस.सी. वर्मा, मुख्य अभियंता (बी/आर) श्री संजय खांडे एवं मुख्य अभियंता (बी/आर) श्री आर.एल. वर्मा द्वारा उपस्थित अभियंताओं को प्रशिक्षण की तकनीकी, सामाजिक एवं पर्यावरण से संबंधित जानकारी से अवगत कराया गया तथा उपस्थित अभियंताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन श्री सुधीर शुक्ला अनुविभागीय अधिकारी द्वारा किया गया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *