नदियों के संरक्षण से ही हमारी भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित होगा – सांसद

नदियों के संरक्षण से ही हमारी भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित होगा – सांसद
जल गंगा संवर्धन अभियान में भेड़ौरा नदी की साफ सफाई में हजारों ने किया श्रमदान

रीवा 24 मई 2025. जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नदियों की साफ सफाई और उनके उद्गम स्थालों में सुधार का कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में रायपुर कर्चुलियान विकासखण्ड में भेड़ौरा नदी में जन अभियान परिषद द्वारा प्रशासन के सहयोग से साफ सफाई का अभियान शुरू किया गया। इस अवसर पर आयोजित जल संवाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि नदियों के संरक्षण से ही हमारी भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित रहेगा। नदियाँ बहुत महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपादा हैं। नदियों पर लाखों जीव जन्तुओं और पौधों का जीवन निर्भर है। नदियाँ पानी के संचार, खेती और जल संसाधन के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नदियों में पानी को साफ करने की नैसर्गिक क्षमता रहती है। पर्यावरण को संतुलित बनाने में भी नदियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। इस लिए हर छोटी-बड़ी नदी के उद्गम स्थल को साफ सुथरा और सुरक्षित बनाने एवं नदियों की पुर्नजीवित करने की आवश्यकता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से हम सबको जल संरक्षण में सहयोग का अवसर दिया है। हर व्यक्ति पानी की बचत करें और पानी के सरंक्षण तथा संवर्धन में योगदान दें।
जल संवाद कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से पूरे जिले में जल संरक्षण के कार्य किये जा रहे हैं। पूराने जल स्त्रोतों के जीर्णोद्धार और सुधार के साथ-साथ नवीन संरचनाओं का निर्माण भी किया जा रहा है। कुंओं तथा हैण्डपंपों में रिचार्ज पिट बनाकर उनमें वर्षा जल को संचित करने का प्रयास किया जा रहा है। आम जनता भी जल संरक्षण में अच्छा योगदान दे रही है। जल गंगा संवर्धन अभियान सबके सहयोग से ही सफल होगा। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक प्रवीण पाठक ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप जन अभियान परिषद के द्वारा आमजनता के सहयोग से भेड़ौरा नदी के पुनर्जीवन का अभियान शुरू किया गया है। इस नदी की कुल लम्बाई 20 किलो मीटर है। इस नदी से 18 गांव के निवासियों को निस्तार के लिए पानी मिलता है। जल अभियान परिषद द्वारा नदी की महत्ता स्थापित करने के लिए जल गंगा यात्रा का आयोजन सभी 18 गांव में किया जा रहा है। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी योगेन्द्र शुक्ला, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय सिंह तथा विकासखण्ड समन्वयक सुषमा शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त किये। जल संवाद का संचालन सिद्धार्थ श्रीवास्तव तथा राजराखन पटेल ने किया। कार्यक्रम डॉ. जीएन श्रीवास्तव, अमित अवस्थी, ब्राम्हाकुमारी संस्थान के बी.के. प्रकाश, सहायक यंत्री मनीषा मिश्रा, सरपंचगण, सचिव, रोजगार सहायक, नवांकुर संस्था तथा प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *