जल गंगा संवर्धन अभियान में किया जा रहा तालाबों का जीर्णोद्धार

जल गंगा संवर्धन अभियान में किया जा रहा तालाबों का जीर्णोद्धार
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने तालाब सफाई एवं मरम्मत कार्य का किया निरीक्षण
रीवा 13 अप्रैल 2025. रीवा और मऊगंज जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संरक्षण के कार्य कराए जा रहे हैं। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि मऊगंज जिले की ग्राम पंचायत खैरा में तालाब जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया गया है। सहायक यंत्री एवं उपयंत्री द्वारा इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। इसी तरह ग्राम पंचायत शिवपुरवा में तालाब जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसमें आमजनता भी भागीदारी निभा रही है। इन जल संरक्षण कार्यों से वर्षा जल को धरती की कोख में संचित करने में सहायता मिलेगी। जो पानी नदियों के माध्यम से समुद्र में पहुंच जाता है उसे सहेजकर धरा में संचित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर ने जनपद रायपुर कर्चुलियान अन्तर्गत ग्राम पंचायत रामनई में तालाब की सफाई एवं मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणजनों से जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के कार्यों में भागीदार बनने की अपेक्षा की।