उप मुख्यमंत्री ने दुर्मनकूट में देवरहा बाबा की प्रतिमा का किया महाभिषेक

उप मुख्यमंत्री ने दुर्मनकूट में देवरहा बाबा की प्रतिमा का किया महाभिषेक
संतों और गौमाता के आशीर्वाद के बिना विकास संभव नहीं है – उप मुख्यमंत्री
दुर्मनकूट धाम प्राकृतिक सौंदर्य और आस्था का केन्द्र बनेगा – उप मुख्यमंत्री

रीवा 09 फरवरी 2025. गुढ़ तहसील के ग्राम दुआरी में दुर्मनकूट धाम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने ब्रम्हर्षि देवरहा बाबा की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया। उप मुख्यमंत्री ने देवरहा बाबा की प्रतिमा का महाभिषेक तथा पूजा अर्चना की। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरहा बाबा ईश्वर तुल्य संत थे। बड़े-बड़े राजनेता और अन्य लोग उनका आशीर्वाद पाने के लिए लालायित रहते थे। उनके जैसा संत सदियों में जन्म लेता है। देवरहा बाबा ने दुर्मनकूट की गुफा में वर्षों साधना की थी। उनकी यह तपोभूमि प्राकृतिक सौंदर्य और आस्था का केन्द्र बनेगी। पूरे स्थल का सुव्यवस्थित विकास किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्मनकूट में विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं। विधायक जी के प्रयासों से मगरदहा बांध का निर्माण होगा। दुर्मनकूट जैसे पवित्र स्थल हमें सनातनी परंपरा के उज्ज्वल इतिहास की याद दिलाती है। भावी पीढ़ी इन जैसे स्थानों से प्रेरणा लेकर प्रकृति और सनातन का महत्व समझेगी। विकास के साथ-साथ हमें अपनी परंपराओं को भी सहेजना है। रीवा में चारों ओर तेजी से विकास हो रहा है। यह विकास संतों और गौमाता के आशीर्वाद के बिना संभव नहीं था। गौमाता कहीं भी असहाय नहीं रहेगी। भैरवनाथ मंदिर के समीप पाँच हजार गायों के लिए गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। विधायक जी के प्रयासों से भैरवनाथ में भी भव्य मंदिर तैयार हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ तथा नगर पंचायत गुढ़ को पर्याप्त पानी देने के लिए 20 करोड़ रुपए की लागत से जल प्रणाली विकसित की जा रही है। इससे पाँच एमएलडी पानी प्राप्त होगा। इन सभी कार्यों का अगले माह मुख्यमंत्री जी लोकार्पण करेंगे।
समारोह में विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह ने कहा कि यहाँ के समाजसेवी स्वर्गीय लवकुश प्रसाद अग्निहोत्री को देवरहा बाबा ने स्वप्न में बताया कि मैंने दुर्मनकूट की गुफा में लंबे समय तक तपस्या की थी। देवरहा बाबा की प्रेरणा से श्री अग्निहोत्री ने 1980 से दुर्मनकूट के विकास के प्रयास शुरू किए। दुर्मनकूट में 25 मंदिर, गुफा, अनेक प्रतिमाएं तथा अन्य स्थल हैं। मुख्य मार्ग से दुर्मनकूट तक की सड़क का निर्माण विधायक निधि से किया जाएगा। समारोह के संयोजक श्री जितेन्द्र मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि परम तपस्वी देवरहा बाबा ने दुर्मनकूट में वर्षों बरस तपस्या की। इस स्थल को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। समाजसेवी लवकुश अग्निहोत्री ने जो सपना देखा था उसे हम सब मिलकर पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। समारोह में डॉ बीके शुक्ला दुर्मनकूट विकास समिति अध्यक्ष ने विकास कार्यों की जानकारी देते हुए क्षेत्र में सिंचाई सुविधा देने, गौशाला निर्माण, उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने तथा मगरदहा बांध निर्माण की मांग रखी।
समारोह में उप मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के संयोजक द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह स्थल में स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। समारोह में अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माया सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष गुढ़ श्रीमती अर्चना सिंह, श्री राजगोपाल मिश्रचारी, श्री राजेश पाण्डेय, डॉ विनोद पाण्डेय, श्री विश्वम्भर पटेल, श्री जयराम शुक्ला, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री लालबहादुर सिंह, श्री अरूण सिंह, श्री मुनिराज पटेल, जनपद के प्रभारी सीईओ जीएन श्रीवास्तव तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *