कला व खेल के माध्यम से विंध्य को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें : उप मुख्यमंत्री

कला व खेल के माध्यम से विंध्य को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें : उप मुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री ने बघेली कलाकार प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
रीवा 10 जनवरी 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि कला व खेल के माध्यम से विंध्य को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रीवा को विकास के रास्ते पर ले जाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि बघेली भाषा को कला के माध्यम से यहां के युवा प्रचारित कर रहे हैं, अब बघेली कलाकार खेल के माध्यम से भी अपनी बोली को जन जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे। श्री शुक्ल ने टीआरएस कालेज के एनसीसी मैदान में आयोजित बघेली कलाकार प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा नशे से दूर रहने का संकल्प लें तथा जिले, प्रदेश व देश को आगे बढ़ाने में अपनी सहभागिता निभाएं। श्री शुक्ल ने कहा कि युवाओं का दायित्व है कि नशे से दूर रहने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने आयोजकों को रचनात्मक कार्यों के साथ खेल की विधा के आयोजन की प्रशंसा की।
इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि खेल एक कला है, बघेली के कलाकार खेल के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करने का अभिनव प्रयास कर रहे हैं वह प्रशंसनीय है। उन्होंने बघेली को बोली से भाषा का दर्जा दिलाने में सभी से समवेत होने का आग्रह किया। कार्यक्रम में विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि बघेली के कलाकार कला व खेल के माध्यम से बघेली को ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य कर रहे हैं वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी भाग में जाकार अपनी बोली से जुड़े रहने पर वाहन निवास करने वाले अपने क्षेत्र के निवासी अपनत्व के साथ मिलते हैं। कार्यक्रम में बघेली पोस्टर का विमोचन किया गया। उल्लेखनीय है कि एन सी सी ग्राउंड रीवा में आयोजित यह प्रतियोगिता चार दिवस तक चलेगी। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन आयोजक दीपक पटेल ने दिया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय सहित स्थानीय जन व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *