कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षणखरीदी कार्य को गति देने के दिये निर्देश

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण
खरीदी कार्य को गति देने के दिये निर्देश
पर्याप्त मात्रा में बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करायें – कलेक्टर

रीवा 05 दिसम्बर 2024. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुढ़ अन्तर्गत विभिन्न खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा खरीदी गई मात्रा तथा स्टाल बुकिंग के अनुसार किसानों से धान खरीदी के विषय जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने वेयर हाउस रीठी, धान खरीदी केन्द्र बरहदी क्रमांक एक तथा सेवा सहकारी समिति केन्द्र गुढ़ का निरीक्षण करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी कार्य को गति दें तथा पर्याप्त मात्रा में केन्द्रों में बारदानों की उपलब्धता रहे। उन्होंने कहा कि खरीदी गई धान साफ हो तथा मानक अनुरूप 17 प्रतिशत नमी का पालन करें। कलेक्टर ने केन्द्रों में धान की क्वालिटी, तौल तथा भराई कार्य का अवलोकन किया तथा निर्देश दिये कि अधिक संख्या में मजदूर लगाकर खरीदी कार्य को गति दें ताकि आने वाले किसानों का धान समय से खरीदा जा सके और उन्हें अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने प्रति दिवस स्टाल बुकिंग के अनुसार की गई खरीदी की भी जानकारी प्राप्त की।

खरीदी केन्द्रों में कलेक्टर ने किसानों से संवाद किया। ग्राम नैकिन के कृष्णधर द्विवेदी, खजुहा के परससुख चौरसिया तथा शिवकुमार एवं बड़ागांव के अनुज तिवारी ने बताया कि वह आज ही धान लेकर आये थे उनकी धान की तौलाई हो गई है वह केन्द्र में की गई व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि खरीदी केन्द्रों में पानी, प्रकाश, छाया के अतिरिक्त ठण्ड से बचाव के लिये अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में छन्नों की उपलब्धता तथा सिलाई मशीनें रखे जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने राजस्व व खरीदी से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी केन्द्रों का भ्रमण करें तथा सुचारू खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित करायें। उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी को निर्देश दिये कि खरीदी केन्द्रों में बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता रहे। कहीं से भी बारदानों के कारण खरीदी प्रभावित न हो साथ ही खरीदी गई धान के परिवहन की भी व्यवस्था करायें। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम गुढ़ डॉ. अनुराग तिवारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *