केन्द्रीय पुस्तकालय भवन के नवीन भवन के साथ पुराने भवन का होगा जीर्णोद्धार सिविल लाइन में 10 एकड़ क्षेत्र में बनेगा सुविधायुक्त पार्क

रीवा 23 नवम्बर 2020. पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में आज पुर्नघनत्वीकरण योजनान्तर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक में शहर में कराये जाने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों पर चर्चा करते हुए अनुमोदन किया गया। इस दौरान कलेक्टर इलैयाराजा टी सहित निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में संपन्न बैठक में योजना क्रमांक एक के तहत जिला चिकित्सालय रीवा 100 बेड चिकित्सालय के निर्माण, सिविल लाइन में 6 सी-टाईप डुप्लेक्स व 12 ई-टाईप आवासों के निर्माण, कुबेर तालाब के सौन्दर्यीरण, कलेक्ट्रेट परिसर में अत्याधुनिक रिकार्ड रूम एवं पार्किंग निर्माण के साथ मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री व कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी के कार्यालयों के निर्माण तथा सिरमौर चौराहा बोदाबाग रोड स्थित नगर पालिक निगम की 50 दुकानों के व्यवस्थापन पर चर्चा की गयी। बैठक में बताया गया कि योजना के तहत आडिटोरियम के पीछे सिविल लाइन रीवा में 10 एकड़ क्षेत्र में पार्क का निर्माण कराया जायेगा जहां वाकर्स जोन, ओपन जिम आदि की व्यवस्था होगी।
इसी प्रकार योजना क्रमांक दो के अन्तर्गत जिला मुख्यालय रीवा में केन्द्रीय पुस्तकालय में नवीन भवन का निर्माण होगा तथा पुराने भवन का जीर्णोद्धार भी किया जायेगा। पुर्नघनत्वीकरण योजना के तहत रीवा में प्राथमिक, माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के नये भवनों व पुराने विद्यालयों का जीर्णोद्धार किया जायेगा। साथ ही बैजू धर्मशाला के पास सुलभ काम्पलेक्स का निर्माण, श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय परिसर की बाउण्ड्रीबाल निर्माण व कलेक्ट्रेट परिसर में कैंटीन, टायलेट ब्लाक एवं कवर्ड पार्किंग का कार्य कराया जायेगा। पुर्नघनत्वीकरण के तहत योजना क्रमांक तीन में समान कालोनी में जल संसाधन विभाग के कार्यालय, विश्राम गृह व आवासीय क्वार्टस बनाये जायेंगे। कालोनी से लगे हुए जलाशय का सौन्दर्यीकरण होगा तथा राजनिवास परिसर में उच्च विश्राम गृह निर्माण व एनेक्सी भवन का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। समान कालोनी की शेष भूमि 15 एकड़ में हाउसिंग बोर्ड द्वारा आवासीय कालोनी बनाई जायेगी। बैठक में विधायक श्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि सभी प्रारंभिक औपचारिकताओं की पूर्ति करते हुए निर्माण प्रक्रिया हेतु कार्यवाही सुनिश्चित करायें। इस दौरान आईजी कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नवीन भवन निर्माण पर भी चर्चा की गई। बैठक में कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी नरेन्द्र शर्मा, कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह, यातायात पुलिस उप अधीक्षक मनोज वर्मा सहित निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *