हाई स्कूल कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 3 मार्च से

रीवा 23 फरवरी 2020. माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश द्वारा हाई स्कूल कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षाएं 3 मार्च से आरंभ हो रही हैं। इसके लिए रीवा जिले में 101 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें से 3 परीक्षा केन्द्र संवेदनशील तथा 17 केन्द्र अतिसंवेदनशील बनाये गये हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी आर.एन. पटेल ने बताया कि हाई स्कूल परीक्षा में 40 हजार 427 विद्यार्थी शामिल होंगे। हाई स्कूल की परीक्षा 3 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा नियमित तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए प्रात: 9 बजे से 12 बजे तक होगी। परीक्षार्थी को प्रश्न पत्र शुरू होने से 15 मिनट पहले परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जायेगा। प्रत्येक परीक्षार्थीे का उपस्थित पत्रक की फोटो से मिलान किया जायेगा। प्रवेश पत्र में भी फोटो लगाना अनिवार्य है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा 10वीं के नियमित तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की परीक्षा का प्रथम प्रश्न पत्र मंगलवार 3 मार्च को दूसरी और तीसरी भाषा सामान्य संस्कृत का होगा। द्वितीय प्रश्न पत्र गुरूवार 5 मार्च को (नेशनल स्कील्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क) के समस्त विषय, तृतीय प्रश्न पत्र शनिवार 7 मार्च को सामाजिक विज्ञान, चतुर्थ प्रश्न पत्र सोमवार 9 मार्च को तृतीय भाषा (सामान्य) उर्दू, मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिन्धी, पंचम प्रश्न पत्र गुरूवार 12 मार्च को गणित तथा छठवां प्रश्न पत्र सोमवार 16 मार्च को विज्ञान, सातवां प्रश्न पत्र गुरूवार 19 मार्च को द्वितीय व तृतीय भाषा (सामान्य) अंग्रेजी, अठवां प्रश्न पत्र सोमवार 23 मार्च को विशिष्ट भाषा हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू एवं 27 मार्च को द्वितीय व तृतीय भाषा (सामान्य) हिन्दी विषय की परीक्षा आयोजित होगी।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *