प्रदेश के सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करें

मुख्यमंत्री  कमल नाथ ने मुख्य सचिव को दिए निर्देश
भोपाल : शनिवार, मई 25, 2019

मुख्यमंत्री  कमल नाथ ने प्रदेश के सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाने एवं इस संबंध में सभी ज़रूरी क़दम उठाने के निर्देश मुख्य सचिव को दिए हैं। श्री नाथ ने सूरत में एक कोचिंग संस्थान में हुई आगजनी की दु:खद घटना और उसमें हुई जनहानि के संदर्भ में यह निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में उठाये गये सभी क़दमों और व्यवस्थाओं की रिपोर्ट 15 दिन में प्रस्तुत करें।

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने मुख्य सचिव से कहा है कि सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित करें कि वे अपने जिले में चल रहे सभी कोचिंग संस्थानों को सूचीबद्ध कर वहाँ की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कोचिंग संचालकों की बैठक कर सुरक्षा के आवश्यक मापदंड बनाये जायें। साथ ही इन संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या और उसके आधार पर उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरत की घटना एक सबक है। इसके मद्देनजर प्रदेश में इस तरह कि घटनाएँ न हों, इसके लिये सतर्कता बरतते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

Facebook Comments Box