चालू शैक्षणिक सत्र से बिरसिंहपुर में महाविद्यालय प्रारंभ होगा – मुख्यमंत्री

भगवान गैवीनाथ मंदिर का 2 करोड की लागत से होगा सौन्दर्यीकरण 

पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर पात्र व्यक्तियो को शासन की योजनाओ का लाभ दिलाया जायेगा। गॉव में सर्वे किया जाकर इस बात की सुनिश्चितता की जायेगी कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ पाने से वंचित न रह जाये। इसके अतिरिक्त शिविर मे राजस्व संबंधी प्रकरणो का भी निराकरण किया जायेगा। उक्त आशय के उद्गार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बिरसिंहपुर में आयोजित नगर स्तरीय अन्त्योदय मेला सह कृषि संगोष्ठी एवं दिव्यांग स्वास्थ्य शिविर मे व्यक्त किये। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में कोई भी व्यक्ति बिना जमीन के नही रहेगा और सभी का अपना स्वयं का पक्का मकान भी होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चालू शैक्षणिक सत्र से बिरसिंहपुर मे महाविद्यालय प्रारंभ हो जायेगा। गैवीनाथ शिव मंदिर का 2 करोड रूपये से सौन्दर्यीकरण किया जायेगा। जिसमे यात्री प्रतीक्षालय परिक्रमा पथ बाउण्ड्रीवाल का निर्माण सहित तालाब का सौन्दर्यीकरण कराया जायेगा। बिरसिंहपुर में मिनी स्टेडियम बनेगा। साथ ही बस स्टैण्ड का प्रोजेक्ट बनाकर इसे नवीन रूप दिया जायेगा। उन्होने कहा कि जल संरक्षण हेतु तालाबो का सर्वे कराकर उनका निर्माण कराया जायेगा। उन्होने अन्य मांगो को भी परीक्षण कराकर पूरा किये जाने हेतु आश्वस्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सांसद गणेश सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को म.प्र. को प्रगतिशील राज्य बनानेे हेतु साधुवाद दिया। उन्होने बिरसिंहपुर के विकास की विभिन्न मांगो की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री जी ने कन्यापूजन किया। म.प्र. गान के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह, भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, अध्यक्ष म.प्र. अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम प्रदीप पटेल, विष्णुदत्त शर्मा सहित बडी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे।

विकास कार्यो का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिरसिंहपुर में 46.45 लाख रूपये की लागत के 3 विकास कार्यो का शिलान्यास किया। इस दौरान नगर पंचायत अंर्तगत विभिन्न हितग्राहियो को हितलाभ भी वितरित किये गये। शिविर मे दिव्यांग हितग्राहियो का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *