गरीब व्यक्तियों के भोजन वितरण की व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये जायें – मुख्यमंत्री

कोरोना वायरस से बचने के लिए सोशल डिस्टेंस बनायें
वीडियो कान्फ्रेंसिंग संपन्न

रीवा 27 मार्च 2020. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, कमिश्नर एवं कलेक्टर्स से सीधे संवाद करते हुए कहा कि इस समय हमारा देश और पूरा विश्व सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना से जूझ रहा है। संकट की इस घड़ी में पूरे देश के साथ ही प्रदेश में भी लॉकडाउन घोषित किया गया है। लॉकडाउन होने की वजह से दिहाड़ी मजदूर, रोज कमाकर खाने वाले लोग और गरीब परिवारों के ऊपर भोजन की समस्या आ गई है। इस समस्या से निपटने के लिए समाज सेवी संस्थाएं, धार्मिक संस्थाएं, जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन आपसी समन्वय बनाकर इन परिवारों को भोजन वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्हें भोजन, फूड पैकेट एवं अनाज के पैकेट वितरित करने के पुख्ता इंतजाम किये जायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव का बेहतर विकल्प सोशल डिस्टेंसिंग है। आपस में कम से कम तीन फिट की दूरी बनाये रखी जाये। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका नम्बर 181 एवं 104 है। इसी प्रकार कोई भी समस्या आने पर व्हाट्सएप नम्बर 8989011180 है। इस पर दूसरे प्रदेशों से जो व्यक्ति वापस नहीं आ पाये हैं उनकी जानकारी दी जाये। सरकार द्वारा तत्काल व्यवस्था की जायेगी। दूसरे प्रदेशों से बात करके यह सुनिश्चित किया गया है कि समय पर वापस न आने वाले व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था की जाये और उन्हें वापस करने के इंतजाम किये जायें।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, विधायक सेमरिया केपी त्रिपाठी, विधायक मनगवां पंचूलाल प्रजापति, समाज सेवी विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव, पुलिस उप महानिरीक्षक अनिल कुमार कुशवाह, कलेक्टर बसंत कुर्रे, पुलिस अधीक्षक आबिद खान, जिला पंचायत सीईओ अर्पित वर्मा सहित जिलाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश से आने वाले सभी व्यक्तियों की अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग की जाये। साथ ही वे जिससे जिससे मिले हैं उनकी भी अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग की जाये। इसी प्रकार दूसरे प्रदेशों से वापस आ रहे मजदूरों एवं व्यक्तियों की अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग की जाये। उन्होंने कहा कि पाजिटिव पाये गये व्यक्तियों को उनके घरों में ही क्वारेंटाइन किया जाये। घर में परिवार की बहुत संख्या होने पर प्रभावित व्यक्ति को शासकीय चिकित्सालय में बनाये गये क्वारेंटाइन में ही रखा जाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूरी तरह से लॉकडाउन घोषित किया गया है। पुलिस कड़ाई के साथ इसे लागू करे और घर से बाहर निकलने वाले व्यक्तियों को समझाइश दे कि वे अपने घरों में ही रहें। निर्देश का पालन न करने वालों पर सख्ती की जाये। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान अति आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य वस्तुओं के परिवहन में किसी भी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। इसी प्रकार दूध, दवाई, सब्जी, फल एवं राशन की सामग्री लेने के लिए व्यक्ति दुकान तक जा सकता है लेकिन एक-एक करके सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर सामग्री क्रय करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल कटाई के लिए बाहर से हार्वेस्टर आ रहे हैं। इन्हें जाने दिया जाये। हार्वेस्टर चालक की स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से की जाये। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कोई भी धार्मिक, सामाजिक आयोजन एवं धरना, प्रदर्शन, आंदोलन को पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित किये गये पैकेज का लाभ लेने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से पूर्व तैयारी कर ले ताकि आवंटन प्राप्त होते ही उसका उपयोग किया जा सके। इसी प्रकार राज्य सरकार द्वारा घोषित किये गये पैकेज का लाभ लिया जाये।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *