उद्योग मंत्री ने चोरहटा में किया सीसी रोड का भूमि पूजन

जिनमें विकास के लिये जुनून होता है वही विकास करते हैं – मंत्री श्री शुक्ल

उद्योग, वाणिज्य तथा खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने चोरहटा में 46.75 लाख की लागत से बन रही सीसी रोड का भूमिपूजन किया। इसका निर्माण मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से किया जा रहा है। यह 750 मीटर लंबाई की सड़क फोरलेन मुख्य मार्ग में बिलाबांग स्कूल होते हुये खैरा मार्ग को जोड़ेगी। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने हरिजन बस्ती में 75 लाख की लागत से डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण की घोषणा की। भूमिपूजन समारोह में उद्योग मंत्री ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से वार्ड क्रमांक 4 चोरहटा के निवासियों की बहु प्रतीक्षित मांग पूरी हुयी है। नाली निर्माण सहित 5 मीटर चौड़ाई की सीसी रोड बनेगी। इसमें प्रकाश की भी व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि जिनमें विकास का जुनून होता है वही विकास कर सकते हैं। हमारी सरकार ने रीवा में सड़क, फ्लाई ओवर तथा अन्य निर्माण कार्य कराकर उसे विकास की उँचाई दी है। लेकिन कुछ लोगों को यह विकास खल रहा है। विकास के कंटकों से जनता के भले की उम्मीद नहीं करनी चाहिये।
मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में चोरहटा से रतहरा तक सीसी रोड बनेगी। चोरहटा हाई स्कूल का उन्नयन किया जायेगा। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को फोर लेन सड़क के डिवाइडर में पुरी सुरक्षा के साथ वृक्षारोपण के निर्देश दिये। उन्होंने सड़क का निर्माण दो माह में पूरा करने के निर्देश दिये ।
समारोह में महापौर श्रीमती ममता गुप्ता ने कहा कि वार्ड क्रं. 4 के निवासियों को आज सड़क की सौगात मिली है शहर का तेजी से विकास हो रहा है। वार्ड क्रं. 4 का संपूर्ण विकास किया जायेगा। समारोह में नगर निगम आयुक्त आर.पी. सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह ने नगर निगम अध्यक्ष सतीश सोनी, पार्षद संजू कोल अन्य पार्षदगण, कौशलेन्द्र सिंह तिवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा आमजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *